रायपुर: खरोरा थाना क्षेत्र के कोरासी गांव में एक युवक ने नशे की हालत में लोहे के हथियार से एक महिला की हत्या कर दी और कई लोगों पर हमला किया। घटना शुक्रवार देर शाम की है। हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोपी की पहचान डोगेंद्र उर्फ डब्बू पटेल के रूप में हुई है। वह गांव का ही रहने वाला है। नशे में उसने घर से लोहे का बड़ा हथियार (घन) लेकर रास्ते में मिलने वाले लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पहले उसकी पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस की जानकारी के अनुसार:
डोगेंद्र ने बेतहाशा हमले किए, जिसमें एक महिला कीर्ति साहू की मौत हो गई। घायलों में बीरन पटेल (55), शोभाराम (60), वीरेंद्र पटेल (55), भागुराम वर्मा (46), नीलकंठ साहू (65), रामूलाल (55) सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।