पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर राजधानी दिल्ली में भी देखने को मिल रहा है। दिल्ली के तापमान में आज गिरावट दर्ज की गई है। आज आयानगर में न्यूनतम तापमान 3.8 सेल्सियस तक पहुंच गया है। सफदरजंग में पारा 4.9 सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में न्यूनतम तापमान चार से छह डिग्री रहने का अनुमान है।

वहीं, दिल्ली में 28 साल बाद 11 दिसंबर की सुबह लोगों को शीतलहर ने सताया। इस दौरान मंगलवार के मुकाबले पांच डिग्री कम न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान आया नगर में दर्ज किया गया।

इससे पहले 11 दिसंबर, 1996 को 2.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। सफदरजंग वेधशाला में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 27 दिसंबर, 1930 को 0.0 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग का मानना है कि तापमान में अचानक गिरावट का कारण हिमालय से आने वाली ठंडी हवाएं हैं। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने से हवा का प्रवाह बदला है। तापमान में कमी आई है। वहीं, अधिकतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री नीचे रहा, जो 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसमें 24 घंटे के भीतर 2 डिग्री की कमी दर्ज की गई।

यह होती है शीत लहर
मैदानी क्षेत्रों में जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री व इससे नीचे होने के साथ सामान्य से 4.5-6.4 डिग्री सेल्सियस कम होता है तो शीत लहर होती है। वहीं, सामान्य से 6.5 या इससे कम होने पर गंभीर स्तर की ठंड रहती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here