Delhi: दिल्ली में क्राइम बढ़ता ही जा रहा है। हाल ही में ख्याला इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली खबर आई है, जिसमें एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। आरोपी बेटे का नाम सावन है, जो 22 साल का है। उसने अपनी मां को चाकू से गोदकर मार डाला।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे ख्याला पुलिस स्टेशन में पीसीआर कॉल आई कि एक महिला की हत्या कर दी गई है और उसकी बालियां छीन ली गई हैं। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो पाया कि घर में कोई लूटपाट के निशान नहीं थे और सब कुछ जगह पर था।
तफ्तीश के दौरान पुलिस ने पाया कि सावन ने एक झूठी कहानी बनाई थी, जिसमें उसने कहा कि लूटपाट हुई है। लेकिन जब पुलिस ने सावन से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपनी मां की हत्या का अपराध कबूल कर लिया।
सावन ने बताया कि उसकी मां ने उसे अपनी पसंद की लड़की से शादी करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था और कहा कि अगर उसने दोबारा इस बारे में बात की, तो उसे संपत्ति से बेदखल कर दिया जाएगा। इससे नाराज होकर सावन ने अपनी मां की हत्या की योजना बनाई और उसे मार डाला।
मृतक महिला, सुलोचना, करीब 45 साल की थीं और उनके दो बेटे थे—कपिल, जो अकाउंटेंट है, और सावन, जो माल परिवहन के लिए वाहन चलाता है।